हरिद्वार में योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार, छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योगी आदित्यनाथ सहित साधु-संतों और कई विशिष्ट अतिथियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि,,
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार के चंडी घाट पर संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र महेंद्र सिंह बिष्ट ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे और उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन से देशभर में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और संत-महात्मा चंडी घाट पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं, धर्मनगरी हरिद्वार के संत समाज ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। हरिद्वार स्थित जूना अखाड़े के संतों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। संतों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।