समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 15 नवम्बर 2026
बक्सर जिले में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य का शुभारंभ
डुमरांव व्यापार मंडल से उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि ने किया धान अधिप्राप्ति कार्य का उद्घाटन
खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत बक्सर जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य का शुभारंभ आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को उप विकास आयुक्त बक्सर, श्रीमती निहारिका छवि द्वारा डुमरांव व्यापार मंडल से किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि जिले में निबंधित किसानों से पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से दिनांक 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक धान की अधिप्राप्ति की जाएगी। सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) साधारण धान के लिए 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित पैक्स एवं व्यापार मंडलों के अध्यक्षों, प्रबंधकों तथा किसानों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि धान अधिप्राप्ति सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों को बाजार में मूल्य संबंधी उतार-चढ़ाव एवं आर्थिक जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करना तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नजदीकी पैक्स एवं व्यापार मंडलों में धान की बिक्री करें।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति कार्य के प्रारंभिक चरण में छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति की पूरी प्रक्रिया विभाग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने किसानों को धान बिक्री के उपरांत ससमय भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि भुगतान की प्रक्रिया सुगम एवं समयबद्ध रहने से अधिकाधिक किसान सरकारी अधिप्राप्ति व्यवस्था से जुड़ेंगे तथा उन्हें अपनी उपज का निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को अधिप्राप्ति केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, किसानों को प्रक्रिया की जानकारी देने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता बक्सर, वरीय उप समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी (अधिप्राप्ति) बक्सर, जिला सहकारिता पदाधिकारी बक्सर, अपर जिला प्रबंधक एसएफसी बक्सर, वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, डुमरांव सहित डुमरांव प्रखंड के विभिन्न पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक तथा किसान उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #jaychhathimaiya #samratchaudhary #bihar #BuxarNews
Buxar, Bihar | Nov 15, 2026