जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का लिया जायजा
11 पंचायत समितियों के मतगणना कक्षों का किया अवलोकन, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत 20 नवंबर, शुक्रवार को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने गुरुवार को शहीद मेजर नटवर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जिले की सभी 11 पंचायत समितियों के लिए निर्धारित मतगणना कक्षों का बारीकी से अवलोकन किया तथा मतगणना टेबल, कार्मिकों की बैठक व्यवस्था सहित सुरक्षा, विद्युत, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय तक पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाए। प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता एवं सतर्कता से निभाएं तथा मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही नहीं हो।
इस दौरान ओएसडी रविंद्र मेघवाल, प्रशिक्षु आईएएस मुद्रा रहेजा एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू. अ.) राजलक्ष्मी गहलोत सहित संबंधित उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।