भिवानी पुलिस द्वारा जिले की बॉर्डर सीमाओं पर आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने व सुरक्षित यातायात के लिए की गई विशेष नाकाबंदी
🔹 5 घंटे चले विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस टीमों द्वारा कुल 95 वाहनों की जांच की गई।
🔹 ड्रिंक एंड ड्राइव, लाल/पीली लाइट तथा बिना पैटर्न नंबर प्लेट के मामलों में कुल 09 चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 12/13.09. 2026 की रात्रि 12:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक थाना लोहारू क्षेत्र के सुरजगढ़ रोड, रहीमपुर नाका पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान उप पुलिस अधीक्षक लोहारू श्री संजीव कुमार के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान में एंटी नारकोटिक सेल भिवानी, पुलिस लाईन भिवानी तथा ट्रैफिक पुलिस सहित कुल 28 पुलिसकर्मी एवं 04 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीमों द्वारा कुल 95 वाहनों की गहनता से जांच की गई। यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 09 चालान किए गए, जिनमें 05 चालान ड्रिंक एंड ड्राइव, 03 चालान लाल/पीली लाइट तथा 01 चालान बिना पैटर्न नंबर प्लेट के संबंध में किया गया। अभियान के दौरान किसी भी वाहन को इंपाउंड नहीं किया गया।
पुलिस अधीक्षक भिवानी मयंक मिश्रा, आईपीएस ने कहा कि—
जिला पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिले की सीमाओं, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। नशे की हालत में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस द्वारा लगाए गए नाकों पर जांच में सहयोग करें।
पुलिस प्रवक्ता भिवानी।।