पंचकोसी मार्ग पर बने गड्ढे दे रहे हादसे को न्योता, राहगीर परेशान
वाराणसी। पंचकोसी परिक्रमा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप पंचकोसी मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। पानी भरने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे बाइक सवार कई बार अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं और चोटिल होने का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते।
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग होने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और अन्य राहगीर आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क के गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाकर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी जाए तो संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।