पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली से छपरा के लिए रवाना हुआ था और बीती रात छपरा स्टेशन पर उतरा था। इसके बाद वह जलालपुर की ओर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जलालपुर में 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनीः दिल्ली से छपरा आया था युवक, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
सारण/जलालपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबौलिया और कला गरमिया चौरा के बीच एक करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जलालपुर थाना, कोपा थाना और बनियापुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ प्रेमचंद सिंह, एडीशनल एसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली से छपरा के लिए रवाना हुआ था और बीती रात छपरा स्टेशन पर उतरा था। इसके बाद वह जलालपुर की ओर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मृतक की जेब से एक ट्रेन का टिकट और करीब 28 रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि टिकट किस स्थान का है और उससे युवक की पहचान तक पुलिस कैसे पहुंचेगी, इसकी जांच की जा रही है।
रात में गाड़ी से चीखने की आवाज सुनने का दावा
कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:45 बजे एक वाहन इस रास्ते से गुजर रहा था, जिससे कथित तौर पर किसी व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। पुलिस इस जानकारी को भी जांच के एक अहम एंगल के तौर पर देख रही है।
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि रात के समय संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस हत्या, शव को कहीं और से लाकर फेंके जाने तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि मृतक युवक कौन है, वह कहां का रहने वाला था, उसकी मौत कैसे हुई और शव को यहां किसने और क्यों फेंका? पुलिस कई बिंदुओं पर जांच करते हुए इस रहस्यमयी मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
Rahui, Nalanda | Sep 13, 2026