*विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदायों के कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा*
---
*बोर्ड के सदस्य श्री स्वरूप सिंह बंजारा ने की समाज प्रमुखों एवं अधिकारियों से चर्चा, विभिन्न ग्रामों का करेंगे भ्रमण*
इंदौर,29 अक्टूबर 2026
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू विकास कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री स्वरूप सिंह बंजारा तीन दिवसीय प्रवास पर इंदौर आए। इस दौरान उन्होंने समुदाय के समाज प्रमुखों एवं समाजसेवियों के साथ चर्चा कर विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदायों के कल्याण के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस संबंध में रेसीडेंसी स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर महू विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री उषा ठाकुर तथा राऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मधु वर्मा से भी बोर्ड के सदस्य श्री स्वरूप सिंह बंजारा ने मुलाकात की। उन्होंने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
श्री बंजारा ने गुरुवार को दोपहर बाद ग्राम माचला एवं तपाल घाटी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना तथा समुदाय के लोगों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान वे इंदौर जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर विमुक्त एवं घुमंतू समुदायों के विकास के लिए संचालित योजनाओं का अवलोकन करेंगे। भ्रमण एवं समीक्षा के आधार पर वे अपना प्रतिवेदन भारत सरकार को प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आवश्यक सुधारों के संबंध में अपना अभिमत भी प्रस्तुत करेंगे। इस प्रवास के दौरान विभाग के सहायक संचालक श्री अनिल सोनी तथा निरीक्षक श्री निर्भय सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।
----
#JansamparkMP #Indore #CommunityWelfare #SocialJustice
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
2 views | Indore, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026