मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में सोमवार को संभावित बाढ़ सुखाड़ से संबंधित समीक्षा हेतु राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया।
बैठक में वर्षापात की स्थिति की दैनिक मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया। इसके अंतर्गत सामान्य वर्षापात, वास्तविक वर्षापात तथा कुल विचलन से संबंधित आंकड़ों का प्रतिदिन विश्लेषण एवं निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को संवेदनशील प्रखंडों में भूजल स्तर की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार चापाकलों की मरम्मत एवं पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी को फसलों के आच्छादन के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा बिचड़ा तैयार करने एवं धान की रोपनी कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पशुपालन पदाधिकारी को जिले के सभी कैटल ट्रफ (Cattle Trough) को सुचारु रूप से संचालित रखने, पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
वहीं, लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता को सरकारी नलकूपों के माध्यम से सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी नलकूपों को क्रियाशील एवं कार्यशील अवस्था में रखने का निर्देश दिया गया।
नगर परिषद, बांका तथा नगर पंचायत बौंसी, कटोरिया एवं अमरपुर में आमजन एवं राहगीरों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Jul 13, 2026