ईद मिलादुन्नबी पर रक्तदान का पैगाम, मुबारक मंसूरी ने 39वीं बार किया रक्तदान
विजयनगर भीलवाडा (जम)।ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आम मुस्लिम समाज विजयनगर के नवयुवकों की ओर से चंदा कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मंसूरी वेलफेयर सोसाइटी, मोयला समाज विकास समिति एवं अलनूर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में त्रिवेणी ब्लड सेंटर अजमेर एवं भीलवाड़ा की टीमों ने रक्त संग्रहण किया। दोपहर 2 बजे तक 150 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित हो चुका था।
शिविर में सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी (उपरेड़ा) ने पहुंचकर 39वीं बार रक्तदान किया। इससे पहले वे इमाम हुसैन की शहादत के अवसर पर 38वीं बार रक्तदान कर चुके हैं।
मुबारक मंसूरी ने कहा कि रक्त की कोई जाति-धर्म नहीं होता, इसकी हर बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।