◆◆ *सारण में 'पंचायत विकास दिवस' के प्रभावी आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, दिए महत्वपूर्ण निर्देश*
◆◆ *प्रत्येक माह के आखिरी रविवार को प्रत्येक ग्राम पंचायत में होगा 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का आयोजन,28 जून 2026 से होगी शुरुआत*
छपरा, 24 जून 2026
◆ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वराज' के सपने को साकार करने और ग्रामीण क्षेत्रों के समावेशी विकास को गति देने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग द्वारा प्रत्येक माह के आखिरी रविवार को प्रत्येक ग्राम पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत 28 जून 2026 से होगी।
◆ पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 28 जून 2026 से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
◆ यह कार्यक्रम प्रत्येक ग्राम पंचायत में पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। बैठक का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन या स्थानीय विद्यालयों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा जहाँ बैठने, पेयजल और रोशनी की समुचित व्यवस्था हो।
◆ जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए इसके सफल आयोजन को सुनिश्चित करने को कहा है। प्रत्येक पंचायत में यह कार्यक्रम पंचायत सचिव और संबंधित मुखिया जी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।
◆ बैठक की अध्यक्षता: प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वहां के संबंधित मुखिया जी करेंगे। मुखिया जी की अनुपस्थिति में उप-मुखिया बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यदि दोनों अनुपस्थित रहते हैं, तो ग्राम सभा द्वारा सर्वसम्मति या बहुमत से चुने गए सदस्य द्वारा बैठक की अध्यक्षता की जाएगी। संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव इस बैठक के सचिव के रूप में कार्य करेंगे।
◆ जन-भागीदारी और व्यापक प्रचार-प्रसार: बैठक की सूचना तिथि, समय और स्थान के साथ पंचायत सचिव द्वारा पूर्व ही प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही, स्थानीय सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, ग्राम सभा के सदस्यों समेत जीविका दीदी और आशा कार्यकर्ताओं को भी बैठक में भाग लेने हेतु विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। माइक (ध्वनि विस्तारक यंत्र) एवं घर-घर जाकर इस दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
◆ मुख्य कार्यसूची एवं मुख्य बिंदु: बैठक में सतत विकास लक्ष्यों के 9 थीमों पर क्रमानुसार परिचर्चा की जाएगी। इसके अलावा, पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स , ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजनाओं की स्थिति और पिछले माह के खर्चों का विवरण ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
◆ बैठक के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के सीधे प्रसारण को सुनने की व्यवस्था भी पंचायतों द्वारा की जाएगी।
◆ डिजिटल मॉनिटरिंग और जवाबदेही: पंचायत सचिव द्वारा बैठक की कार्यवाही पंजी संधारित की जाएगी तथा उपस्थित सदस्यों के हस्ताक्षर/अंगूठे के निशान लिए जाएंगे।
◆ जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बैठक से संबंधित निर्णय, तस्वीरों और वीडियो को अनिवार्य रूप से 'निर्णय पोर्टल' (Nirnay Portal) पर अपलोड किया जाए।
◆ जिला मुख्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त , जिला पंचायत राज पदाधिकारी , सिविल सर्जन, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका सहित कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे। इसके साथ ही, जिले के सभी प्रखंडों से प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी आदि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़े रहे।
◆ जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने अंत में स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारने के लिए 'पंचायत विकास दिवस' एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#पंचायत #विकास #दिवस
#meeting
#DM
#saran
#chapra
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Saharsa, Bihar | Jun 24, 2026