*कांग्रेस सरकार ने समीरपुर से जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन हटाया, अब विधायक समीरपुर में आकर विकास की खोखली घोषणाएं करने की बजाय जनता को जवाब दें: राकेश ठाकुर*
*समीरपुर से विभाग की शिफ्टिंग का औचित्य स्पष्ट करें विधायक सुरेश कुमार, पहले अपने ही सरकार के फैसले का जवाब दें*
*हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर अध्यक्ष एवं समीरपुर पंचायत के दो बार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर ने आज जिला कार्यसमिति की बैठक की समाप्ति के बाद भोरंज के विधायक सुरेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधायक को समीरपुर पंचायत में आकर बड़ी-बड़ी डींगें हांकने और विकास की खोखली घोषणाएं करने से पहले जनता को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस सरकार ने समीरपुर से जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्णय क्यों लिया।
राकेश ठाकुर ने कहा कि समीरपुर में पहले से उपलब्ध प्रशासनिक एवं विभागीय सुविधाओं को कमजोर करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। ऐसे में अब विधायक सुरेश कुमार किस मुंह से समीरपुर में आकर विकास करवाने की बातें कर रहे हैं। यदि कांग्रेस सरकार वास्तव में क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर होती तो वह समीरपुर में उपलब्ध विभागीय ढांचे को समाप्त अथवा स्थानांतरित करने के बजाय उसे और मजबूत करती।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन किसी क्षेत्र की केवल एक सरकारी इकाई नहीं होता, बल्कि इससे आम जनता को पेयजल, सिंचाई, योजनाओं की निगरानी और विभागीय कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलती है। समीरपुर से इस विभागीय कार्यालय की शिफ्टिंग से क्षेत्र की जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक को पहले यह बताना चाहिए कि इस निर्णय से समीरपुर और आसपास की जनता को क्या लाभ हुआ।
राकेश ठाकुर ने कहा कि जनता को अब घोषणाओं और भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस जवाब और जमीन पर काम चाहिए। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद जिन सुविधाओं को मजबूत करने का दावा किया था, उनमें से कई को कमजोर करने का काम किया गया है। उन्होंने विधायक से सवाल किया कि यदि समीरपुर का विकास उनकी प्राथमिकता है तो फिर कांग्रेस सरकार ने यहां से जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन क्यों हटाया? क्या इस फैसले में विधायक की सहमति थी और यदि नहीं थी तो उन्होंने इसका विरोध कब और किस मंच पर किया?
उन्होंने कहा कि समीरपुर की जनता सब देख और समझ रही है। एक तरफ कांग्रेस सरकार स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण विभागीय सुविधाओं को स्थानांतरित करती है और दूसरी तरफ उसके विधायक उसी क्षेत्र में जाकर विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं। यह दोहरा रवैया जनता के सामने अब नहीं चलने वाला। विधायक को पहले अपने सरकार के फैसलों का हिसाब देना चाहिए और उसके बाद विकास की बातें करनी चाहिए।
-----------
*जिला कार्यसमिति की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार*
राकेश ठाकुर ने बताया कि आज आयोजित भाजपा जिला हमीरपुर की कार्यसमिति की बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी तीन महीनों के कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।
बैठक के दौरान जिला हमीरपुर के प्रभारी एवं प्रदेश भाजपा सचिव अमित ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों से पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग ली तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने बताया कि आगामी तीन महीनों के लिए जिला स्तर पर अल्पकालिक विस्तारक योजना चलाई जाएगी। इसके तहत अन्य विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले विस्तारक प्रत्येक मंडल में जाकर संगठनात्मक ढांचे का विस्तृत विश्लेषण करेंगे तथा जहां भी आवश्यक होगा, वहां संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और आगामी समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया