खीर खाने के बाद 30–40 बच्चे बीमार, पतलीकूहल अस्पताल में उपचार जारी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पतलीकूहल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है।
बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि खीर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टियां होने लगीं। छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर कई बच्चों की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल पहुंचाया गया।
प्रभावित बच्चों में जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी समेत आसपास के गांवों के बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे डॉक्टर मोहित शर्मा के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। दूषित पानी की आशंका भी जताई गई है। हालांकि बीमारी का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
वहीं मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।
एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने मिड-डे मील में इस्तेमाल खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच करवाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच रिपोर्ट में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या सामने आती है।
Kullu, Kullu | Aug 19, 2026