मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, ADM विकास शर्मा ने हड़सर से डल झील तक लिया जायजा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए भरमौर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ हड़सर से मणिमहेश डल झील तक यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग की स्थिति, विभिन्न स्थानों पर चल रहे पुल निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, पेयजल व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
पुल और निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
ADM ने यात्रा मार्ग पर चल रहे पुल निर्माण सहित अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त श्रमशक्ति व संसाधन लगाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को मार्ग के क्षतिग्रस्त एवं असमतल हिस्सों की मरम्मत करने तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर
जल शक्ति विभाग को यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को पेयजल स्रोतों, पाइपलाइनों और जलापूर्ति योजनाओं की समय रहते जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर साफ-सफाई, शौचालय, कूड़ा-कचरा प्रबंधन, विश्राम स्थलों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
विकास शर्मा ने कहा कि मणिमहेश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करें। यात्रा मार्ग के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवाजाही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा-2026 पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है।