पुस्तक मेले में राजकीय महाविद्यालय पनारसा के विद्यार्थियों ने लिया भाग
पनारसा, 10 सितंबर 2026। राजकीय महाविद्यालय पनारसा के राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिंदी एवं संस्कृत विभागों के लगभग 37 विद्यार्थियों ने पुस्तक मेले में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों का अवलोकन किया तथा अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का चयन किया।
पुस्तक मेले में विद्यार्थियों की सहभागिता का मुख्य उद्देश्य उनमें पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना, नियमित अध्ययन की आदत को बढ़ावा देना तथा पुस्तक संस्कृति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों की पुस्तकों के बारे में जानकारी प्राप्त की और पुस्तकों के महत्व को समझा।
विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ साहित्य, राजनीति, अर्थशास्त्र, संस्कृत तथा समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकों के नियमित अध्ययन के लिए भी प्रेरित किया गया। पुस्तकों का अध्ययन विद्यार्थियों के ज्ञान, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के प्राध्यापक भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे तथा उन्होंने विद्यार्थियों को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के चयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों ने पुस्तक मेले में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे अपने ज्ञानवर्धन एवं सीखने का एक उपयोगी अवसर बताया।
Kullu, Kullu | Sep 10, 2026