सह-प्रभारी चिरंजीव राव की कांग्रेस नेताओं ने थपथपाई पीठ, के.सी. वेणुगोपाल के सामने गोविंद डोटासरा ने की तारीफ
पंचायत चुनावों में सबसे ज्यादा सक्रिय सह-प्रभारी रहे चिरंजीव राव, लगातार दौरे और बैठकों के लिए सराहना; सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी की तारीफ
1 नवंबर की रैली के लिए भी चिरंजीव राव ने झोंकी ताकत
रेवाड़ी। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, रेवाड़ी के पूर्व विधायक एवं एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव की राजस्थान में पार्टी के सह-प्रभारी के रूप में सक्रियता और कार्यशैली की कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सराहना की है। जयपुर में कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की मौजूदगी में हुई बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चिरंजीव राव के कामकाज की तारीफ करते हुए उनकी सक्रियता का विशेष रूप से उल्लेख किया। राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी उनके प्रयासों की सराहना की।
गोविंद सिंह डोटासरा ने चिरंजीव राव की संगठनात्मक सक्रियता की तारीफ करते हुए कहा कि वे सबसे ज्यादा सक्रिय सह-प्रभारी रहे हैं। पंचायत चुनावों के दौरान उन्होंने सबसे ज्यादा दौरे किए और लगातार बैठकें लेकर पार्टी के काम को आगे बढ़ाया। चुनावी गतिविधियों में उनकी भागीदारी, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संगठन को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों को वरिष्ठ नेताओं ने सराहा। के.सी. वेणुगोपाल की मौजूदगी में वरिष्ठ नेताओं द्वारा चिरंजीव राव के कामकाज की प्रशंसा को उनकी संगठनात्मक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजस्थान में पार्टी की जिम्मेदारी संभालने के बाद से चिरंजीव राव लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। वे राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलेट सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। पार्टी की बैठकों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनाव संबंधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी लगातार बनी हुई है। पंचायत चुनावों के दौरान उनके लगातार दौरों और बैठकों का उल्लेख स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा किया जाना उनकी सक्रियता को लेकर चर्चा का विषय बना है।
चिरंजीव राव की खासियत यह भी है कि राजस्थान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्होंने हरियाणा कांग्रेस की गतिविधियों से दूरी नहीं बनाई है। वे राजस्थान में पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने के साथ-साथ हरियाणा में भी कांग्रेस के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। रेवाड़ी जिले में पार्टी की गतिविधियों, कार्यकर्ता बैठकों और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उनका लगातार संपर्क बना रहता है। उनके आह्वान और मार्गदर्शन में स्थानीय कार्यकर्ता कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटते हैं तथा संगठन को मजबूत करने के लिए प्रयास करते हैं।
वे कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां सौंपने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर देते हैं। राजस्थान में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी के साथ-साथ हरियाणा में भी सक्रिय रहना उनके व्यस्त कार्यक्रमों और पार्टी के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को दर्शाता है।
*1 नवंबर की रैली के लिए चिरंजीव राव ने झोंकी ताकत*
कांग्रेस पार्टी आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली’ आयोजित कर रही है। रैली को सफल बनाने के लिए चिरंजीव राव हरियाणा के कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए हुए हैं। राजस्थान में पार्टी की जिम्मेदारियों के बीच वे रेवाड़ी, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को भी रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि हरियाणा और राजस्थान से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचें।
चिरंजीव राव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि प्रत्येक मतदाता का वोट सुरक्षित रहे और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बना रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसी उद्देश्य से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली’ आयोजित कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे रैली की तैयारियों में जुटें और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें। चिरंजीव राव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
Rewari, Rewari | Oct 28, 2026