रेवाड़ी पुलिस का सराहनीय कदम: बिजली कर्मियों की हड़ताल के दौरान संकट मोचक बनकर 100 से अधिक गांवों को दी राहत
रेवाड़ी जिले में इन दिनों बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उत्पन्न हुए गंभीर बिजली संकट से आम जनता को राहत दिलाने के लिए रेवाड़ी पुलिस आगे आई है। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा,आईपीएस के कुशल नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस ने कानून-व्यवस्था संभालने के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने का बेड़ा उठाया है, जिससे जिले के 100 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस की मुस्तैदी से चालू हुए मुख्य पावर स्टेशन व फीडर,
हड़ताल के चलते ठप पड़ी बिजली आपूर्ति बहाली के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए बीते 24 घंटे में जिले के 20 ज्यादा बिजली फीडर को सुचारू रूप से चालू किया है।
इन पावर स्टेशनों और फीडरों के चालू होने से रेवाड़ी के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है, जिससे भीषण पेयजल और अन्य समस्याओं से जूझ रहे 100 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
*रेवाड़ी पुलिस के सराहनीय प्रयास:*
*खुद ठीक किए फॉल्ट:* कुछ पावर स्टेशनों पर पुलिसकर्मियों ने खुद ही बिजली ठीक कर बिजली आपूर्ति को सुचारू किया है।
*फॉल्ट सुधारने के लिए ढूंढ-ढूंढ कर लाए जा रहे हैं जानकार*
बिजली आपूर्ति में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए रेवाड़ी पुलिस विशेष अभियान चला रही है। पुलिसकर्मी क्षेत्र में सक्रिय रूप से रिटायर्ड जेई , बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों तथा बिजली के तकनीकी जानकारों को ढूंढ-ढूंढ कर ला रहे हैं और उनकी मदद से युद्धस्तर पर बिजली के फॉल्ट ठीक करवाए जा रहे हैं।
*जान जोखिम में डालकर डटे हैं पुलिसकर्मी*
अपनी जान और सुरक्षा को दांव पर लगाकर रेवाड़ी पुलिस के जवान बिजली दुरुस्त करने के इस चुनौतीपूर्ण कार्य में जुटे हुए हैं। पुलिसकर्मियों का यह समर्पण और सेवाभाव इस कठिन समय में जनता के लिए एक बड़ी मिसाल बन गया है।
*एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा की जनता से अपील*
रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले की आम जनता से अपील की है कि वे इस आपात स्थिति में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें
*उन्होंने कहा:* "रेवाड़ी पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ इस बिजली संकट के समाधान के लिए भी चौबीसों घंटे पूरी तरह तत्पर है। इस मुश्किल समय में पुलिस और जनता का तालमेल ही व्यवस्था को सुचारू रख सकता है।"
*रेवाड़ी पुलिस के इस त्वरित, संवेदनशील और साहसिक कदम की पूरे जिले में सराहना हो रही है।*
Rewari, Rewari | Oct 23, 2026