🚨ऋषिकेश में "गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड" चोरीकांड का खुलासा, चार गिरफ्तार; 30 मोबाइल, 3 लैपटॉप और आईपैड बरामद
ऋषिकेश पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई, चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी।
ऋषिकेश। ऋषिकेश में मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड समेत चोरी का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के पास गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया था। दुकान स्वामी अश्वनी गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने दुकान और आसपास के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड से भी फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों का मिलान किया गया।
9 नवंबर को पुलिस आईडीपीएल गोल चक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से नटराज चौक की ओर से बाईपास रोड होते हुए श्यामपुर की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने मनसा देवी फाटक के आगे घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी का सामान आपस में बांट लिया था और कुछ सामान जंगल में छिपाकर रखा था। बरामदगी के दौरान पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया। इनमें से 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर तथा दो लैपटॉप और आईपैड चोरी के मुकदमे से संबंधित पाए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास निवासी रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में अभिषेक थापा और रोहन का पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, रोहन के खिलाफ ऋषिकेश और रायवाला थानों में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में प्रकाश में आए पांचवें आरोपी संदीप की तलाश जारी है।
#RishikeshPolice #MobileTheft #DehradunPolice #UttarakhandNews #CrimeNews #newsmafiya