प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने कृषक संगोष्ठी की तैयारियों का लिया जायजा
..
जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने बुधवार को विदिशा प्रवास के दौरान नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचकर बलराम कृषि महोत्सव अंतर्गत शुक्रवार 14 अगस्त को आयोजित होने वाली कृषक संगोष्ठी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल नवीन कृषि उपज मंडी विदिशा पहुंचकर किसानों एवं आम नागरिकों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ऑनलाइन जुड़कर किसानों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। उन्होंने मंडी प्रांगण में किसानों, नागरिकों और मीडिया के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पांडाल सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का निरीक्षण किया।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों तथा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासनिक अमला निर्धारित शिविर स्थलों एवं गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों और आम नागरिकों से संवाद करेगा। इस दौरान चौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और यथासंभव मौके पर ही उनका निराकरण किया जाएगा।
नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में मीडिया से चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने प्रदेश एवं जिलेवासियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।
इस दौरान कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे, श्री महाराज सिंह दांगी, श्री राकेश जादौन, श्री तोरणसिंह दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी गण मौजूद रहे। #vidisha #JansamparkMP
107 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 12, 2026