शासकीय आईटीआई विदिशा में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा
..
आज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), विदिशा में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में संस्था के प्राचार्या कविता रघुवंशी, समस्त अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षण अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ संस्था परिसर से किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे प्रशिक्षणार्थी एवं स्टाफ पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे जोश एवं उमंग के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य महोदया द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, शांति, साहस और समृद्धि का प्रतीक है। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य ने तिरंगा यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए देश के विकास में योगदान दें।
यात्रा के समापन के पश्चात संस्था परिसर में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गीत का आयोजन किया गया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने सम्मानपूर्वक एवं उत्साह के साथ वंदे मातरम् गीत में सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। #vidisha