सशक्त वाहिनी बन रही बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम
..
सशक्त वाहिनी की निशुल्क कोचिंग कक्षाओं से बालिकाओं का बढ़ रहा आत्मविश्वास
..
200 से अधिक बालिकाएं हुईं प्रशिक्षित, नि:शुल्क कोचिंग के साथ अध्ययन सामग्री भी की जा रही प्रदान
..
कलेक्टर के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सशक्त वाहिनी पहल जिले की बालिकाओं के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं प्रतियोगी क्षमता विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी अभियान के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। इस पहल के अंतर्गत अब तक 200 से अधिक बालिकाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
वर्तमान में संचालित सशक्त वाहिनी की कक्षाओं में बालिकाओं को नि:शुल्क कोचिंग के साथ-साथ नि:शुल्क अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित एवं बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है। इस पहल के प्रति बालिकाओं में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिल रहा है और वे नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर पूरे मनोयोग से अध्ययन कर रही हैं।
सशक्त वाहिनी की कक्षाएं रेगुलर जैन कॉलेज, विदिशा में नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं, जहां अनुभवी एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य ज्ञान (जीके), गणित (मैथ) एवं रीजनिंग (रीजनिंग) जैसे महत्वपूर्ण विषयों की प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी तैयारी कराई जा रही है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अनेक बालिकाएं एमपीपीएससी, पुलिस, कर्मचारी चयन, तथा अन्य शासकीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय रूप से भाग लेकर सफलता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि सशक्त वाहिनी की निशुल्क कोचिंग कक्षाओं में प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छुक बालिकाएं आवेदन कर कक्षाओं में सम्मिलित हो सकती हैं। विभाग ने जिले की अधिक से अधिक बालिकाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।
सशक्त वाहिनी पहल का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराना ही नहीं, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का विकास करना भी है, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सशक्त भूमिका निभा सकें। #vidisha
103 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 12, 2026