हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग ने निकाली तिरंगा रैली
..
मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस तथा शासकीय आदर्श महाविद्यालय, विदिशा के एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शासकीय कन्या अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर से राष्ट्रगान के साथ हुआ। अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार ने हाथ में राष्ट्रध्वज लेकर रैली को रवाना किया। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की प्राचार्य डॉ. वनिता बाजपेई भी तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुईं। इससे विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का उत्साह और अधिक बढ़ गया। तिरंगा रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मेडिकल चौराहा होते हुए गांधी चौक पहुँची, जहाँ “वंदे मातरम्” राष्ट्रगीत के साथ रैली का समापन किया गया। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से तिरंगे के सम्मान और देश की एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज राष्ट्रगान एवं संविधान जो कि हमारी राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक हैं का सदैव सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना बलिदान देने को तत्पर रहें।
रैली का संयोजन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विनीता प्रजापति द्वारा किया गया। आयोजन में स्पोर्ट्स अधिकारी डॉ. मनोज अहिरवार, एनएसएस अधिकारी डॉ. शांता अहिरवार तथा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट राजकमल प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।
रैली के आयोजन में डॉ. विजय शाक्य, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मलखान सिंह, डॉ. संध्या जैन, श्री शैलेश शर्मा सहित समस्त महाविद्यालयीन शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाने का संदेश दिया। तिरंगा रैली के आयोजन में संगीत विभाग द्वारा डॉक्टर रामू विश्वकर्मा एवं छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम का गायन किया गया। #vidisha