पंचायत राज चुनाव समीक्षा बैठक में संगठनात्मक तैयारियों पर हुआ मंथन, इच्छुक कार्यकर्ताओं से लिए गए आवेदन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
बनेड़ा। भारतीय जनता पार्टी पंचायत समिति बनेड़ा के अंतर्गत बनेड़ा एवं रायला मंडल की पंचायत राज चुनाव समीक्षा बैठक शिव शक्ति वाटिका, गुलाबपुरा रोड, बनेड़ा में आयोजित हुई। बैठक में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती तथा चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति बनेड़ा एवं जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ने के इच्छुक भाजपा कार्यकर्ताओं से आवेदन भी प्राप्त किए गए। इच्छुक कार्यकर्ताओं ने संगठन के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बैठक में बनेड़ा एवं रायला मंडल के मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य, वर्तमान एवं पूर्व प्रधान-उपप्रधान, जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वर्तमान एवं पूर्व सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी, वार्ड संयोजक-सहसंयोजक, वर्तमान एवं पूर्व सरपंच सहित भाजपा के वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर उत्साह एवं सक्रियता दिखाई दी तथा संगठन को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी के निर्देशानुसार एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।