#भरतपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर 'हरियालो राजस्थान' मिशन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति, जनजाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक, जिला परिषद के सीईओ मृदुल सिंह, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने लोहागढ़ किले के पार्कों, फोर्ट वॉल और बिहारी जी परिक्रमा मार्ग में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया। इस दौरान आयोग अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने प्रदेश सरकार के 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' और मुख्यमंत्री के 5 साल में 50 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए नागरिकों से जल व पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक पहल में भागीदार बनने की अपील की। इसके साथ ही, नगर निगम की टीम, स्कूली विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने मिलकर परिक्रमा मार्ग व पार्कों में विशेष सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक और सूखे पत्तों के कचरे को साफ किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर घनश्याम शर्मा, एसडीएम भारती गुप्ता सहित वन विभाग, बीडीए और नगर निगम के आला अधिकारी व शहर के प्रमुख नागरिक मौजूद रहे।