टीबी उन्मूलन की दिशा में जोश टीम का राष्ट्रीय शुभारंभ
हरियाणा में शत-प्रतिशत स्वयंसेवकों के साथ ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत
पंचकूला, 8 अक्तूबर : भारत मंडपम, नई दिल्ली में आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा जोश (ज्वाइंट स्कवायड फोर हेल्थ) टीम का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा और जनभागीदारी को जोड़ते हुए देश में टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और गति देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया गया।
रक्षा मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से शुरू की गई इस राष्ट्रीय पहल के तहत गृह भ्रमण (होम विजिट) के लिए जोश टीम फ्लिप बुक, जन जागरूकता ब्रोशर और टीबी संबंधी प्रश्नों के उत्तर देने के लिए खुशी चैटबॉट के नए संस्करण का शुभारंभ किया गया।
इसके साथ ही टीबी मुक्त भारत ऐप पर एक नई जोश रिपोर्टिंग सुविधा शुरू की गई है, जिसके माध्यम से जिला टीबी अधिकारी (डीटीओ) प्रथम श्रेणी (क्लास वन) अधिकारियों का विवरण दर्ज करेंगे और वे अधिकारी अपने अधीन पंजीकृत एनसीसी कैडेटों और माय भारत स्वयंसेवकों की टीमों को जोड़ेंगे। ये टीमें ऐप पर अपनी दैनिक गतिविधियां अपलोड करेंगी, जिन्हें जिला स्तर (डीटीओ) के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी देखा जा सकेगा।
इस वर्चुअल शुभारंभ समारोह में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव, विशेष सचिव, स्वास्थ्य डॉ. मनीष नागपाल, एमडी, एनएचएम डॉ. आर. एस. ढिल्लों, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल, डॉ. राजीव बतीश और राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजेश राजू उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश भर से सांसद, विधायक, महापौर, वार्ड पार्षद, सरपंच, प्रधान, एनसीसी कैडेट्स, माय भारत स्वयंसेवक, टीबी विजेता और निक्षय मित्र भी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
हालांकि हरियाणा राज्य को जोश पायलट राज्यों के अगले चरण में शामिल किया जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘पीएम प्रगति’ समीक्षा बैठक के निर्देशों के अनुसार, राज्य ने समय से पूर्व ही सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प हम करके दिखाएंगे की तर्ज पर स्वास्थ्य विभाग हरियाणा भी इसे पूरा करके दिखाएगा और राज्य से टीबी का पूरी तरह से उन्मूलन करेगा।
हरियाणा में जोश टीम गठन की मुख्य विशेषताएं-
100 प्रतिशत जिला स्तरीय समितियां- अंतर-विभागीय समन्वय और निगरानी के लिए सभी 23 जिलों में सांसदों/विधायकों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियों का गठन किया जा चुका है।
ब्लॉक नोडल अधिकारी, जमीनी स्तर पर प्रभावी नेतृत्व और पर्यवेक्षण के लिए सभी 142 प्रशासनिक/राजस्व खंडों में 142 प्रथम श्रेणी (क्लास वन) अधिकारियों को ब्लॉक-स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
शत-प्रतिशत स्वयंसेवक तैनाती, राज्य के सभी 142 ब्लॉक में 1,420 स्वयंसेवकों (710 एनसीसी , 710 माय भारत) की शत-प्रतिशत तैनाती के साथ जोश टीमों का गठन पूरा हो चुका है।
निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग, जिला टीबी अधिकारी (डीटीओ) और राष्ट्रीय स्तर के अधिकारी टीबी मुक्त भारत ऐप के डैशबोर्ड के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में जोश टीमों की गतिविधियों पर सीधे नजर रख सकेंगे।
वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के समापन के तुरंत बाद राज्य और जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें निक्षय मित्रों, टीबी विजेताओं एवं पंचायतों का सम्मान, टीबी शपथ, प्रतिभागियों के लिए Know TB सत्र और घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने के लिए जोश टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना शामिल रहा।