सेवा संकल्प अभियान के तहत रत्तेवाली में सेवा सेतु शिविर आयोजित
पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने किया शिविर का निरीक्षण
270 पात्र लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर हुआ पंजीकरण
पंचकूला, 8 अक्तूबर : सेवा संकल्प अभियान के तहत आज गांव रत्तेवाली स्थित ग्राम सचिवालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री विशाल पराशर, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विशाल सैनी, मंडल अध्यक्ष श्री धमेंद्र संधू , ग्राम सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक उनके घर-द्वार के नजदीक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि उन्हें बिना अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान कुल 270 पात्र लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया। पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया कि शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों की स्वरोजगार, ऋण, अनुदान, सब्सिडी एवं कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही, विभागीय योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इच्छुक नागरिक अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।