आईटीबीपी के बीटीसी भानू में तृतीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर-2026 का शुभारंभ कल
29 राज्य एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की भागीदारी, लगभग 1,100 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल
पंचकूला 8 अक्टूबर: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के बेसिक ट्रेनिंग सेंटर (बीटीसी), भानू में 9 से 13 अक्टूबर 2026 तक तृतीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 9 अक्टूबर को श्री संजय गुंजियाल, आईपीएस, अपर महानिदेशक, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन में देश के लगभग 29 राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 1,100 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। इनमें 740 पुरुष एवं 347 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इस आयोजन के अंतर्गत हैंडबॉल एवं बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अखिल भारतीय पुलिस खेल कैलेंडर का महत्वपूर्ण हिस्सा यह आयोजन विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने तथा एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान करेगा। खेलों के माध्यम से पुलिस बलों में शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता, नेतृत्व क्षमता, आपसी समन्वय और अनुशासित कार्यसंस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है।
सीमाओं की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा के अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाला भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। बीटीसी भानू में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन बल की संगठनात्मक क्षमता, खेल भावना और उत्कृष्ट आयोजन परंपरा को भी प्रदर्शित करेगा।
9 से 13 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान हैंडबॉल एवं बास्केटबॉल के रोमांचक मुकाबलों में विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, आपसी सौहार्द और पुलिस बलों के बीच सहयोग की भावना को और मजबूत करेगा।