🔴 अंडा बनाने से इनकार करने पर दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर दी गोली मारने की धमकी, ग्रामीणों ने एक को पकड़ा
--------------------
बिहारीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित महावीर चौक के समीप 12 तारीख की रात करीब नौ बजे अंडा दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान ग्रामीणों की तत्परता से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड तीन निवासी मोहम्मद लड्डू ने बताया कि उनकी दुकान उनके घर के सामने महावीर चौक के पास स्थित है। 12 तारीख की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की होंडा मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति वहां पहुंचे और अंडा बनाने को कहा। दुकानदार ने दुकान बंद कर देने तथा सामान उपलब्ध नहीं होने की बात कही। इस पर दोनों व्यक्ति जबरदस्ती अंडा बनाने का दबाव देने लगे। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर उन्हें डराने-धमकाने लगा।
घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। इसी दौरान पिस्तौल की मैगजीन नीचे गिर गई। ग्रामीणों की भीड़ और विरोध को देखते हुए दोनों में से एक व्यक्ति भागने लगा, जबकि ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान रोशन कुमार तथा प्रह्लाद, दोनों साटिन बरौनी निवासी के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस को ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को सौंप दिया। साथ ही दो कारतूस, एक मोबाइल और मोटरसाइकिल भी पुलिस के हवाले कर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
📹 Rani Devi मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times