बेलागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोइरी बीघा में पथ निर्माण मंत्री का भव्य स्वागत, ग्रामीणों के साथ एक पंगत में बैठकर किया भोजन
21 नवंबर को पीएम मोदी की सभा में शामिल होने का दिया न्योता, समाजसेवी कौशल शर्मा के आवास पर जुटे ग्रामीण और कार्यकर्ता
गया। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र गुरुवार को गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोइरी बीघा गांव पहुंचे। यहां समाजसेवी कौशल शर्मा के आवास पर उनका फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों के साथ एक ही पंगत में बैठकर भोजन किया। मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं को 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान पटना में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का लोकार्पण सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है। यह बिहार के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए एनडीए के पंचायत अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
कौशल शर्मा ने कहा- बड़ी संख्या में पटना पहुंचेंगे ग्रामीण
समाजसेवी कौशल शर्मा ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनका गांव पहुंचना और स्वयं ग्रामीणों को प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने का निमंत्रण देना हमारे लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मंत्री के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हैं। गांव के लोगों, समर्थकों और साथियों के साथ पूरी तैयारी से पटना पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह रही कि मंत्री ने गांव के लोगों के साथ एक ही पंगत में बैठकर भोजन किया। यह ग्रामीणों के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इससे जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच आपसी जुड़ाव का संदेश गया है।
ग्रामीणों से कार्यक्रम सफल बनाने की अपील
इस दौरान मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से बिहार में आधारभूत संरचना को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। समाजसेवी कौशल शर्मा ने मंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए आभार जताया। मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पंचायत अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
#गयाजी
#gayadastak
#gayaji
#belaganj
#BiharPolitics
#इंजीनियरकुमारशैलेंद्र
#BiharNews
Gaya Town CD Block, Gaya | Nov 20, 2026