आउटरीच गतिविधि के तहत लोंहरी के पुरा में एचआईवी जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित
आईसीटीसी (इंटीग्रेटेड काउंसिलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) सिविल हॉस्पिटल, जौरा द्वारा आउटरीच गतिविधि के अंतर्गत विकासखंड पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत सरसैनी के लोंहरी के पुरा स्थित आंगनवाड़ी भवन में एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) श्री अजय शर्मा, आईसीटीसी जौरा के परामर्शदाता श्री संदीप सेंगर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता सिकरवार, सुश्री प्रिया शर्मा, आशा कार्यकर्ता श्रीमती कमलेश सिकरवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
परामर्शदाता श्री संदीप सेंगर ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं अन्य ग्रामीणों को एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमण के प्रति सही जानकारी एवं समय पर जांच ही एड्स जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से गर्भधारण के तीसरे माह के भीतर अनिवार्य रूप से एचआईवी जांच कराने का आग्रह किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।
सीएचओ श्री अजय शर्मा ने ग्रामीणों से अपने परिवार एवं आसपास की गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आईसीटीसी केंद्र, सिविल हॉस्पिटल जौरा के कक्ष क्रमांक-12 में गर्भवती महिलाओं के लिए एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी सहित एएनसी प्रोफाइल की आवश्यक जांचें नियमित रूप से उपलब्ध हैं।
शिविर के दौरान 30 से अधिक ग्रामीणों एवं गर्भवती महिलाओं की एचआईवी एवं सिफिलिस की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि वे एचआईवी संक्रमण से संबंधित भ्रांतियों से दूर रहें तथा समय-समय पर जांच कराकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Aug 3, 2026