न्यायोत्सव सप्ताह के समापन पर निकाली गई बाइक रैली, विधिक योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई
निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरूकता का दिया संदेश
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को जिला मुख्यालय मुरैना में बाइक रैली एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100, मध्यस्थता, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह निषेध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया। बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं पुल तिराहे से होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान सहित न्यायाधीशगण, अधिवक्ताओं एवं आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विधिक सेवाओं से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री अनुज कुमार, श्री विनय कुमार, श्री चंद्रशेखर जायसवाल, श्रीमती चारूलता दांगी सहित अन्य न्यायाधीशगण, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दिनेश सिंह राणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया, अधिवक्तागण, पैरालीगल वालेंटियर्स, शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना के छात्र-छात्राएं तथा न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#Morena #JansamparkMP #bikerally
Morena, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026