#भरतपुर। जिले में आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने तथा आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार मीना के निर्देशन में गुरुवार को जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा व्यापक पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना रहा। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि चुनाव क्षेत्रों में लगातार गश्त, सघन नाकाबंदी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। अवैध शराब, हथियार और नकदी के परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को दें।