प्रेस दिवस पर ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार’ विषय पर परिचर्चा आयोजित
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार आज दिनांक 16 नवंबर 2026 को प्रेस दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, कैमूर की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस वर्ष कार्यक्रम का विषय ‘Journalism: Populist or Responsible’ (पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार) रहा। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार बंधुओं ने भाग लिया तथा विषय पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा निष्पक्ष एवं तथ्यपरक समाचारों के प्रसारण पर विस्तार से चर्चा की गई। पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के समक्ष विश्वसनीयता बनाए रखने और त्वरित खबरों के बीच तथ्यों की शुद्धता सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण चुनौती है। साथ ही, पत्रकार बंधुओं द्वारा कैमूर जिले में पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब को शुरू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
अपर समाहर्ता, कैमूर ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसकी सार्थकता केवल खबरों को तेजी से प्रसारित करने में नहीं, बल्कि तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता में निहित है। लोकलुभावन खबरें अल्पकालिक लोकप्रियता तो दिला सकती हैं, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज में विश्वास कायम करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पूर्व तथ्यों की पुष्टि करते हुए संतुलित एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, कैमूर ने अपने संबोधन में कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को प्रशासन के समक्ष लाने तथा शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। पत्रकारिता में निष्पक्षता, तथ्यपरकता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला जनसंपर्क कार्यालय मीडिया बंधुओं और जिला प्रशासन के बीच संवाद एवं समन्वय को और बेहतर बनाने के लिए सदैव प्रयासरत है।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पत्रकारिता की गरिमा, स्वतंत्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही, जिले में प्रेस क्लब की शुरू करने की मांग को पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का समापन पत्रकारिता के मूल्यों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
#NationalPressDay #ResponsibleJournalism #kaimur #PlateauOfBlessings
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Nov 16, 2026