दिवाली पर भी नहीं थम रहा ओवरलोड ट्रैक्टरों का आतंक, रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की
त्योहार के दौरान शहर में कड़ी ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों पर प्रतिबंध के दावों के बीच ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही जारी है। ताजा मामला ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर का है, जहां दोपहर के समय रेत से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बाजार क्षेत्र में पहुंच गई। मामले की जानकारी मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को भी हिरासत में ले लिया। त्योहार के दौरान व्यस्त इलाकों में इस तरह भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।