एरीज एग्रो लिमिटेड ने 57वें स्थापना दिवस पर वृद्धाश्रम में कराया अन्नदान, बुजुर्गों के साथ बिताए आत्मीय पल...
एरीज एग्रो लिमिटेड ने अपने 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश की। 27 नवंबर को कंपनी की ओर से बेतिया स्थित शांति हरि वृद्ध सेवा आश्रम में अन्नदानम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक और स्नेह के साथ भोजन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनका हालचाल जाना। साथ ही उनके बीच आत्मीयता और अपनापन का भाव साझा किया। इस पहल से आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। एरीज एग्रो लिमिटेड की यह पहल समाज के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी, मानवता, सेवा और संवेदनशीलता को दर्शाती है। कंपनी का मानना है कि किसी भी उत्सव की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब उससे जरूरतमंदों और समाज के लोगों के जीवन में खुशियां आएं। इस अवसर पर एरीज एग्रो लिमिटेड परिवार ने आश्रम के सभी बुजुर्गों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। कंपनी की इस पहल की सराहना की जा रही है। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इसी संदेश के साथ स्थापना दिवस को यादगार बनाया गया।
#champaran24news
Bettiah, West Champaran | Nov 28, 2026