Bihar news : सीएम के आदेश पर एक्शन: प्रभारी मंत्री, डीएम और सांसद का जीएमसीएच में औचक निरीक्षण, मरीजों की शिकायत पर डॉक्टरों की लगी क्लास। मरीजों ने बताईं जांच और इलाज में हो रही परेशानियां, सीबीसी जांच, अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे की व्यवस्था पर उठे सवाल; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह और सांसद ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं, जांच व्यवस्था और मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने इलाज व जांच में हो रही परेशानियों को अधिकारियों के सामने रखा। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से मौके पर ही जवाब-तलब किया।दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजदेवरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जीएमसीएच में ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने की बात कही थी। वहीं, अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और मरीजों की शिकायतों को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद शुक्रवार को अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ब्लड जांच व्यवस्था में सीबीसी जांच नहीं होने की शिकायत सामने आई। इस पर प्रभारी मंत्री ने अस्पताल अधीक्षक से सवाल किया कि क्या दोपहर एक बजे के बाद अस्पताल में जांच नहीं होती है? वहीं, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे कराने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करने और नंबर लगाने में हो रही परेशानी की शिकायत भी मिली। मरीजों की समस्याएं सुनने के बाद प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार को लेकर जवाब मांगा।प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में जहां भी कमियां हैं, उनकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित विभागीय मंत्री से मिलकर समस्याओं का समाधान कराया जा सके।औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई खामियों और मरीजों की शिकायतों को मौके पर ही दर्ज किया गया। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद जीएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था में कितना सुधार होता है, यह आने वाला समय बताएगा।#Bettiah #WestChamparan #GMCHBettiah #BiharNews #SamratChoudhary #HospitalInspection #HealthDepartment #BreakingNews #BiharGovernment #PatientCare
Bettiah, West Champaran | Nov 27, 2026