डीएम ने कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
छात्राओं से संवाद कर परखी शैक्षिक गुणवत्ता, गणित-अंग्रेजी पढ़ाकर लिया शिक्षण स्तर का जायजा
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज, पिंडारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता एवं खेलकूद संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्ष में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा विषयों की समझ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वयं गणित और अंग्रेजी पढ़ाकर छात्राओं के शैक्षिक स्तर का आकलन किया। साथ ही छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, कठिन विषयों में शिक्षकों से संवाद करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और सर्वांगीण विकास शासन की प्राथमिकता है। विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वास्थ्य जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का भी विकास किया जाना चाहिए।
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय इंटर कॉलेजों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने और समस्या सामने आने पर तत्काल उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने को कहा।
रसोई और ओपन जिम का भी किया निरीक्षण: जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परिसर में स्थापित ओपन जिम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने छात्राओं को नियमित व्यायाम और खेलकूद के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ शारीरिक गतिविधियां भी छात्राओं की दिनचर्या का हिस्सा होनी चाहिए।
डीएम ने विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और छात्राओं को किसी भी स्तर पर असुविधा न होने देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिनव यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।
Orai, Jalaun | Aug 12, 2026