यमुना पुल पर छलांग लगाने से पहले युवक को पुलिस ने बचाया
पारिवारिक कलह से था परेशान, मध्यरात्रि में मोटरसाइकिल से पहुंचा था पुल पर; पुलिस ने समझाकर परिजनों को सौंपा
उरई। जालौन-औरैया सीमा स्थित यमुना पुल पर मंगलवार की मध्यरात्रि एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक कलह से परेशान 19 वर्षीय युवक नदी में छलांग लगाने के इरादे से पुल पर पहुंच गया। सूचना मिलते ही कुठौंद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समय रहते पकड़कर सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 अगस्त की मध्यरात्रि सनगढ़ बैरियर, औरैया बॉर्डर पर ड्यूटी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर यमुना पुल की ओर गया है और नदी में कूदने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर शंकरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रामवीर सिंह कांस्टेबल अमित कटियार के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने पुल पर युवक की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद युवक नदी में छलांग लगाने की तैयारी करता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले आए।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुखदेव पुत्र ध्यान सिंह (19), निवासी शाला मंदिर, औरैया बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि वह पारिवारिक विवाद के चलते काफी परेशान था और इसी कारण उसने यह कदम उठाने का फैसला किया था।
पुलिस ने युवक को उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत औरैया पुलिस के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उसके भाई आकाश को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई। घटना के बाद पुलिस की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
Orai, Jalaun | Aug 12, 2026