जनसंपर्क आयुक्त श्री मनीष सिंह ने जिला जनसंपर्क कार्यालय विदिशा का किया निरीक्षण
---------------------------------------
जिले के समाचार पत्र-पत्रिकाओं, पत्रकार सम्मान निधि, अधिमान्यता एवं विभागीय गतिविधियों की ली विस्तृत जानकारी
---------------------------------------
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर दिया जोर
---------------------------------------
विदिशा। मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग के आयुक्त श्री मनीष सिंह ने आज विदिशा प्रवास के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय पहुंचकर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा जिले में जनसंपर्क विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने जिले से प्रकाशित होने वाले दैनिक, साप्ताहिक एवं मासिक समाचार पत्र-पत्रिकाओं, पत्रकारों को प्रदाय की जाने वाली सम्मान निधि, अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा विभागीय अभिलेखों के संधारण सहित कार्यालय की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क आयुक्त श्री सिंह ने जिले में प्रकाशित विभिन्न समाचार पत्र-पत्रिकाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके प्रकाशन की प्रकृति, नियमितता तथा जिले में प्रिंट मीडिया की गतिविधियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने दैनिक समाचार पत्रों के साथ-साथ साप्ताहिक एवं मासिक पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन से संबंधित उपलब्ध जानकारी का अवलोकन किया। इसके अलावा जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों तथा विभिन्न समाचार माध्यमों से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
▪️ पत्रकारों के हितों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा -
जनसंपर्क आयुक्त ने पत्रकारों के कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए पत्रकार सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभान्वित पत्रकारों तथा योजना से संबंधित विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिमान्यताधारक पत्रकारों की संख्या, अधिमान्यता से संबंधित प्रक्रिया एवं उपलब्ध अभिलेखों के संधारण की स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। पत्रकारों के हितार्थ शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से संधारित रखने के संबंध में भी चर्चा की।
▪️ कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं विभागीय कार्यप्रणाली का लिया जायजा -
श्री मनीष सिंह ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों, विभागीय पत्राचार, समाचार संकलन एवं प्रेषण, समाचारों के प्रकाशन तथा शासन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विभागीय कार्यों के सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, जनहितकारी निर्णयों, उपलब्धियों तथा विभिन्न विभागों की गतिविधियों की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने में जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए समाचार माध्यमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रमाणिक, तथ्यपरक एवं समयबद्ध जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
▪️ मीडिया के साथ समन्वय और प्रभावी सूचना संप्रेषण पर जोर -
निरीक्षण के दौरान जिले के इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया से जुड़े समाचार पत्र-पत्रिकाओं एवं पत्रकारों से संबंधित जानकारी लेते हुए उन्होंने मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के महत्व पर भी चर्चा की।इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरजेश वर्मा एवं जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। #Vidisha #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान Jansampark Madhya Pradesh
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 13, 2026