#बालाघाट
बैहर शिविर में चयनित हृदय रोग से पीड़ित 9 बच्चे उपचार के लिए जबलपुर रवाना
जिले के प्रभावित क्षेत्र बिरसा, बैहर एवं परसवाड़ा के बच्चों के लिए 30 सितंबर को सिविल अस्पताल बैहर में आयोजित हृदय रोग जांच एवं उपचार शिविर में चयनित बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की पहल की गई है। शिविर में हृदय रोग से पीड़ित 10 बच्चों को सर्जरी के लिए चयनित किया गया था। इनमें से 9 बच्चों को सोमवार को सर्जरी एवं उपचार के लिए जबलपुर भेजा गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने बताया कि कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में बैहर सिविल अस्पताल में आयोजित शिविर में बिरसा, बैहर एवं परसवाड़ा क्षेत्र से आए बच्चों की हृदय संबंधी जांच की गई थी। जांच के दौरान हृदय रोग से पीड़ित 10 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया।
चयनित बच्चों में से 9 बच्चों को आवश्यक उपचार एवं सर्जरी के लिए जबलपुर भेजा गया है। इन सभी बच्चों का उपचार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत बच्चों को उपचार एवं सर्जरी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिविर के माध्यम से हृदय रोग से प्रभावित बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp