#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन,
ददिया और जुनून स्पोर्ट्स क्लब ने मारी बाजी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले के समस्त विकासखंड मुख्यालयों में खेल, योग, पेंटिंग, निबंध, भाषण, कविता एवं रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कडी में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष किशोर पालीवाल, मंडल अध्यक्ष लालबर्रा प्रसन्न अवधिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष संजू अवधिया, आईटी सेल प्रभारी गौरव ठाकुर सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य नवीन जैन, प्रकाश सर एवं सोनू सर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
किशोर पालीवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। कबड्डी हमारी माटी का पारंपरिक खेल है, जो शारीरिक शक्ति बढ़ाने के साथ खिलाड़ियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का विकास करता है। प्रतियोगिता में विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं खेल क्लबों की महिला और पुरुष टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, कौशल, रणनीति और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रत्येक अंक पर दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला ददिया और रामजीटोला की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें ददिया की टीम विजेता रही, जबकि मानपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जुनून स्पोर्ट्स क्लब लालबर्रा और जेजे क्लब के बीच हुआ। इसमें जुनून स्पोर्ट्स क्लब लालबर्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में पुजारीटोला की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_DSYW