#बालाघाट
शासकीय हाईस्कूल भटेरा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
जिले में 7.22 लाख से अधिक हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026-27 के तहत मंगलवार को शासकीय हाईस्कूल भटेरा में जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने स्कूली बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज महाजन, जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रियव्रत सोनकर, प्राचार्य श्रीमती बाशंति मंडलेकर, डीपीएम श्री संजय तुरकर सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. दाहिया ने बताया कि जिले में 7 लाख 22 हजार 647 हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 5,98,827 बच्चे तथा 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की 1,23,828 गैर-गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। अभियान 6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के रूप में तथा 9 अक्टूबर को दवा से वंचित हितग्राहियों के लिए मॉप-अप दिवस के रूप में आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शत्रुघ्नि सिंह दादिया ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के पोषण, शारीरिक विकास, एकाग्रता और पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं अन्य चिन्हित संस्थानों में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से दवा खिलाई जाएगी। उन्होंयने अभिभावकों से बच्चों को निर्धारित दिवस पर कृमिनाशक दवा दिलाने तथा हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने, नाखून साफ रखने और खुले में शौच से बचने जैसी स्वच्छता संबंधी आदतें अपनाने की अपील की।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #schooledump
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026