*वित्त दिवस के अवसर पर प्रधान डाकघर रायबरेली में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कराई गई स्वगणना*
*स्वगणना करने की ऑनलाइन प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी*
*स्वगणना के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं सहभागी बनाने की दिशा में किया गया जागरूक*
*रायबरेली-22 नवम्बर 2026,*
अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना (Self-Enumeration) जनजागरूकता अभियान की तिथिवार कार्ययोजना के क्रम में आज वित्त दिवस के अवसर पर प्रधान डाकघर, रायबरेली में विशेष जागरूकता एवं स्वगणना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित प्रधान डाकघर के समस्त कर्मचारियों को ऑनलाइन स्वगणना कराई गई।
इस अवसर पर जिला जनगणना कंट्रोल रूम के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स आशुतोष तिवारी एवं अन्य फील्ड ट्रेनर्स द्वारा डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने के विभिन्न चरणों से अवगत कराते हुए उपस्थित कर्मचारियों की स्वगणना की प्रक्रिया को संपन्न कराया तथा इसकी सरल एवं सुविधाजनक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना-2027 के राष्ट्रीय महत्व, स्वगणना की उपयोगिता तथा डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लाभों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे सरलता एवं सुविधाजनक तरीके से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
जिला जनगणना अधिकारी ने जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता पर बल देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाना, स्वगणना प्रक्रिया को प्रोत्साहित करना तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।