#बालाघाट
अंसेरा में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण का समापन
27 स्व-सहायता समूह की दीदियों सहित 28 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया प्रशिक्षण
ग्राम अंसेरा में सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय मशरूम कल्टिवेशन प्रशिक्षण का समापन 17 अक्टूबर 2026 को हुआ। प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूहों की 27 दीदियों सहित कुल 28 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का समन्वयन श्री अंकित लिल्हारे ने किया।
समापन कार्यक्रम में कटंगी-खैरलांजी क्षेत्र के विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, कार्यक्रम समन्वयक श्री अंकित लिल्हारे, ग्राम नोडल श्रीमती अनुसूइया बिजेवार सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मशरूम उत्पादन स्वंय सहायता समूह की दीदियों के लिए आय का अच्छा माध्यम है। कम लागत में इससे अधिक आमदनी अर्जित की जा सकती है। दीदियां मशरूम उत्पा्दन का कार्य अपने घर पर ही कर सकती हैं। इस व्यवसाय से उन्हेंं आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और अन्य लोगों को रोजगार देने में भी सक्षम बनेंगी।
जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशन तथा अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की तकनीक, उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, उद्यमिता विकास तथा विपणन संबंधी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाना है। प्रशिक्षण के उपरांत सभी 28 प्रशिक्षणार्थियों ने असेसमेंट में भाग लिया। उन्हें मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #mp_wcdmp