#बालाघाट
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने किया खुला आश्रय गृह का औचक निरीक्षण, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री डी.के. सुंद्रियाल ने सोमवार को खुला आश्रय गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गृह की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं कौशल विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री सुंद्रियाल ने उपस्थित कर्मचारियों से उनके कार्यदायित्वों की जानकारी ली तथा आउटरीच वर्कर के टूर प्लान का अवलोकन किया। उन्होंने संस्था में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, बच्चों की उपस्थिति पंजी एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही शिक्षा कक्ष, मनोरंजन कक्ष और रसोई कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के समय गृह में तीन कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री डी.के. सुंद्रियाल ने गृह की रंगाई-पुताई कराने, प्रत्येक बच्चे की विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आउटरीच वर्कर को क्षेत्र में गहन सर्वेक्षण कर जरूरतमंद, बेसहारा एवं संकटग्रस्त बच्चों को चिन्हांकित करने और पात्र बच्चों को खुला आश्रय गृह में प्रवेश दिलाकर शिक्षा एवं कौशल विकास की गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
संकटग्रस्त बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उद्देश्य
खुला आश्रय गृह का मुख्य उद्देश्य देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को अल्पकालिक आवासीय सहायता, भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से बच्चों को दुर्व्यवहार, शोषण एवं हिंसा से बचाने के साथ उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री डी.के. सुंद्रियाल ने बताया कि खुला आश्रय गृह में बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, शिक्षा एवं कौशल विकास से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 19, 2026