#बालाघाट
टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने पर होगी कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश, राशन वितरण में वैकल्पिक व्यवस्था बनाने पर दिया जोर
नहरों की सफाई नहीं होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने पर सिंचाई विभाग के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में सोमवार, 19 अक्टूबर को समय सीमा (टीएल) संबंधी प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समय सीमा में प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीएल में दर्ज प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में उदासीनता बरतने तथा जिले की ग्रेडिंग प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री नित्यानंदम एल, श्री रेशम सिंह धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीएल में चिह्नित किए गए प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। प्रकरणों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं लिया जाए, बल्कि आवेदकों को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाना चाहिए। जिन अधिकारियों के विभाग में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें अधिक संख्या में लंबित रहेंगी और उनके कारण जिले की ग्रेडिंग प्रभावित होगी, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वन भूमि संबंधी अनुमतियों के प्रकरणों पर चर्चा
बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों के लिए वन विभाग से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने संबंधी प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि लांजी तहसील के ग्राम नेवरवाही एवं नल्लेझरी तथा किरनापुर तहसील के ग्राम डोंगरगांव एवं कसंगी में उचित मूल्य दुकानों के भवनों का निर्माण किया जाना है। इसी प्रकार रिसेवाड़ा में ग्राम पंचायत भवन के निर्माण के लिए वन भूमि के उपयोग की अनुमति आवश्यक है।
खनिज विभाग को ग्राम फंडकी-मोहगांव में खनन पट्टे के लिए वन विभाग से अनुमति प्राप्त करनी है। वहीं, लोक निर्माण विभाग को लांजी-सालेटेकरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के सुधार कार्य के दौरान आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्सन रोड निर्माण की अनुमति की आवश्यकता है।
इन प्रकरणों पर वन मंडलाधिकारी श्री नित्यानंदम एल ने संबंधित विभागों को नियमानुसार वन भूमि के उपयोग के लिए निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने कहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधिवत आवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
राशन वितरण में बाधा न आए, वैकल्पिक व्यवस्था करें
बैठक में उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को राशन वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन उचित मूल्य दुकानों में सेल्समैन की अनुपलब्धता के कारण राशन वितरण प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में पात्र हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने जिले में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं तथा सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी भी टीएल बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि निर्धारित समय में कार्यों को पूरा किया जा सके।
धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान लांजी तहसील में नहरों की सफाई नहीं होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पाने का मुद्दा सामने आया। इस पर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए सिंचाई विभाग, लांजी के एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए तथा सिंचाई, खाद्यान्न वितरण और अन्य जनहितकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
19 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 19, 2026