पीएम सूर्यघर योजना को मिलेगी गति, आवेदन से लेकर सोलर पैनल लगाने तक में तेजी के निर्देश
जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जिले में गति देने के लिए मंगलवार को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन आवेदनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सोलर पैनल लगाने वाले वेंडरों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिष्ठापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि मुख्य सचिव के निर्देशानुसार बैंकों को पात्र लाभुकों के ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित या अस्वीकृत नहीं करना है। नियमानुसार ऋण आवेदनों का निष्पादन 15 से 20 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में यूएलए मॉडल के तहत सोलर पैनल अधिष्ठापन की धीमी प्रगति पर संबंधित वेंडर को चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित विभाग, बैंक और वेंडर आपसी समन्वय से मिशन मोड में कार्य करें।
उप विकास आयुक्त ने अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने तथा उन्हें बिजली बिल में बचत का लाभ दिलाने के लिए अभियान के रूप में कार्य करने पर जोर दिया।