तिरंगे के रंग में रंग रहा जहानाबाद, आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
जहानाबाद। आजादी के राष्ट्रीय उत्सव को जनभागीदारी के साथ मनाने के उद्देश्य से जिले में ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ अभियान जोर पकड़ रहा है। स्कूलों से लेकर सरकारी भवनों, खेल परिसरों, बाजारों और दुकानों तक तिरंगा लगाया जा रहा है। विद्यालयों में रंगोली बनाकर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। शहर से गांव तक विभिन्न वर्गों के लोग अभियान से जुड़ रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से नौ से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
ऊंटा विद्यालय से गांधी मैदान तक निकलेगी यात्रा
अभियान के तहत 12 अगस्त को जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। माननीय प्रभारी मंत्री, जहानाबाद के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा ऊंटा विद्यालय से शुरू होकर गांधी मैदान तक जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया जाएगा।
डीएम ने की अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने जिलेवासियों से तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान और संस्थान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और ध्वज संहिता का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से 12 अगस्त की तिरंगा यात्रा में सहभागी बनने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।