सात निश्चय-2 व सात निश्चय-3 की योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
जहानाबाद।
सात निश्चय-2 एवं सात निश्चय-3 के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) के तहत संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। इस पर उप विकास आयुक्त ने डीआरसीसी के प्रबंधक को योजनावार लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सात निश्चय-3 के लिए लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर
बैठक में सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सात निश्चय-3 से संबंधित निर्धारित प्रपत्र अभी बिहार विकास मिशन से प्राप्त नहीं हुआ है। इसके कारण योजनावार एवं बिंदुवार प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं हो सका है।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर से संचालित कार्यों में गति लाने और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पदाधिकारियों को विभागीय मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर योजनाओं के लक्ष्य की जानकारी प्राप्त करने तथा निर्धारित प्रपत्र के अनुरूप विभागवार लक्ष्य और प्रगति प्रतिवेदन तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रपत्र प्राप्त होते ही अद्यतन प्रगति की समीक्षा की जा सके, इसके लिए सभी विभाग पूर्व से तैयारी पूरी रखें।
राज्य रैंकिंग में चौथे स्थान पर रहा जहानाबाद
बताया गया कि मई माह की सात निश्चय-2 की राज्यस्तरीय रैंकिंग में जहानाबाद जिले ने चौथा स्थान प्राप्त किया है। उप विकास आयुक्त ने इस उपलब्धि को और बेहतर करने पर जोर देते हुए आगामी माह में जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों को लक्ष्य आधारित और समन्वित तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में निदेशक, डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।