दीपावली से पहले सड़कों पर उतरे एसपी, बाजारों में किया पैदल गश्त
प्रमुख बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में परखी सुरक्षा व्यवस्था, लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
हरदोई। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा पर्याप्त पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने कोतवाली शहर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान एसपी ने भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर पुलिस की मुस्तैदी परखी। उन्होंने बाजारों में मौजूद व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया। साथ ही लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए त्योहार को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और आवागमन को देखते हुए पुलिस लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। हरदोई पुलिस ने त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
Hardoi, Hardoi | Nov 7, 2026