सड़क हादसे के तुरंत बाद लड़खड़ाते हुए क्षेत्र के कार्यक्रम में पहुंचे विधायक विनोद कंडारी!!
दर्द से कराहते और लड़खड़ाते हुए विधायक का वीडियो आया सामने, चोटों के बावजूद नहीं छोड़ा बडियारगढ़ का कार्यक्रम!!
श्रीनगर। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर पुल के समीप सोमवार सुबह सड़क दुर्घटना का शिकार हुए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी हादसे के कुछ घंटे बाद ही अपने क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंच गए। हादसे के बाद उनके लड़खड़ाते हुए चलने और दर्द से कराहने का वीडियो भी सामने आया है। इसके बावजूद विधायक निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने बडियारगढ़ पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, विधायक विनोद कंडारी सोमवार सुबह अपने आवास मलेथा से श्रीनगर होते हुए बडियारगढ़ क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कीर्तिनगर पुल के समीप आगे चल रही एक वैगनआर कार अचानक सड़क के बीचोंबीच रुक गई। बताया गया कि कार में एक व्यक्ति को ड्राइविंग सिखाई जा रही थी। चालक द्वारा क्लच की जगह ब्रेक दबा दिए जाने से कार अचानक रुक गई, जिसके चलते पीछे से आ रहे विधायक के वाहन की उससे टक्कर हो गई।
हादसे में विधायक को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में वह लड़खड़ाते हुए चलते और दर्द से कराहते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इसके कुछ समय बाद ही वह अपने क्षेत्र के कार्यक्रम में पहुंच गए। हादसे के बावजूद कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद समर्थकों ने उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक ने अपनी व्यक्तिगत परेशानी के बावजूद क्षेत्र के कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।